Sat 10 Oct 2026

ब्रेकिंग

draft title

समय पर तैयारी की मांग

ऐतिहासिक फैसलों पर बांटी मिठाई

हुआ था लापता, पुलिस में दर्ज है गुमशुदगी का मुकदमा

गांधी-शास्त्री जयंती पर निकली विधिक जागरूकता रैली

सुचना

टनकपुर में टैक्सी चालकों से मारपीट के बाद हड़ताल, पूर्णागिरि यात्रियों : को परेशानी, टैक्सी चालकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का लगा आरोप

Abid Hussain

Thu, May 7, 2026

टनकपुर में टैक्सी चालकों से मारपीट के बाद हड़ताल, पूर्णागिरि यात्रियों को परेशानी

 टैक्सी चालकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का लगा आरोप 

मारपीट के विरोध में टैक्सी यूनियन का चक्का जाम, पूर्णागिरि यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

टनकपुर (चम्पावत)। बुधवार शाम टनकपुर के मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक होटल व्यापारी, उसके पुत्रों और साथियों द्वारा कथित रूप से टैक्सी चालकों पर सरेआम हमला कर दिया गया। बीच बाजार हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना में 23 वर्षीय राहुल सक्सेना पुत्र राजेश सक्सेना निवासी वार्ड नंबर-03 टनकपुर, 38 वर्षीय चरन पुत्र धूम सिंह निवासी खटीमा, 33 वर्षीय दीपक पुत्र जगदीश निवासी नई बस्ती टनकपुर तथा बोरागोठ निवासी संजू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. मो. उमर और उनकी टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही टैक्सी यूनियन में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों टैक्सी चालक और वाहन स्वामी सड़क पर उतर आए। गुस्साए चालकों ने बाजार में जोरदार प्रदर्शन करते हुए तत्काल प्रभाव से टैक्सी संचालन पूरी तरह बंद कर दिया।

टैक्सी सेवा ठप होते ही मां पूर्णागिरि धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गईं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कई लोग वैकल्पिक साधनों की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। पूर्णागिरि मेले के दौरान अचानक यातायात व्यवस्था चरमराने से पूरे शहर में अव्यवस्था का माहौल बन गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होटल व्यापारी और उसके एक पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि टैक्सी यूनियन ने साफ कर दिया है कि जब तक सभी पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

इस दौरान मौके पर पुलिस और यूनियन पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे बाजार का माहौल और अधिक गरमा गया। शहर में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही।

टैक्सी यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन यूनियन पदाधिकारियों से लगातार वार्ता कर हालात सामान्य करने की कोशिश में जुटा हुआ है, लेकिन पूरा शहर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजरें टिकाए बैठा है।।

Tags :

ब्रेकिंग न्यूज़

जरूरी खबरें