महिलाओं की हर शिकायत पर त्वरित न्याय दिलाएगी चम्पावत पुलिस: एसपी रेखा : यादव
Abid Hussain
Sun, Mar 8, 2026
चम्पावत। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत में “कोशिश – एक नई आशा” थीम के अंतर्गत महिला सुरक्षा को समर्पित विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के नेतृत्व में जनपद के सभी थानों में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर एसपी रेखा यादव ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर पुलिस तत्काल और सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष थाना दिवस के दौरान महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित मामलों से संबंधित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ जैसे मामलों में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों तथा महिला सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
थाना दिवस के दौरान जनपद के सभी थानों में कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतें महिला संबंधी थीं। प्राप्त 23 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
चम्पावत पुलिस ने इस आयोजन के माध्यम से स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार के अपराध पर पुलिस की पैनी नजर है। “कोशिश – एक नई आशा” अभियान महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
Tags :
दमदार मिसाल