बनबसा मे अग्निवीर भर्ती में सेना का सुदृढ़ प्रबंधन, युवाओं में दिखा : राष्ट्रसेवा का जोश
Abid Hussain
Sat, Feb 28, 2026
👉👉सुव्यवस्थित भर्ती प्रक्रिया से युवाओं में बढ़ा सेना के प्रति विश्वास
बनबसा/पिथौरागढ़, 28 फरवरी। चंपावत जनपद के बनबसा स्थित कमल पथ मैदान में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का सफल और सुव्यवस्थित संचालन सेना के कुशल प्रबंधन और अनुशासित व्यवस्था का उदाहरण बनकर सामने आया है। भर्ती के पहले दिन पिथौरागढ़ जिले की मुनस्यारी, बंगापानी, थल और पिथौरागढ़ तहसीलों से पहुंचे करीब 1000 युवाओं ने जनरल ड्यूटी, ट्रेडमैन और तकनीकी पदों के लिए पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
भर्ती स्थल पर सेना द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, विश्राम और मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। सेना अधिकारियों के अनुसार 1 मार्च तक पिथौरागढ़ जिले की 12 तहसीलों से लगभग 2500 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 1 से 3 मार्च तक चंपावत जिले की पांच तहसीलों के करीब 1500 अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग के सहयोग से विशेष बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को भर्ती स्थल तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भर्ती निदेशक कर्नल मेलगे राहुल नारायन ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेना युवाओं को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने युवाओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा सदैव देश सेवा के लिए अग्रणी रहे हैं और इस भर्ती में भी उनका जोश प्रेरणादायक है।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचते हुए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़