शहीद द्वार के बगल पूर्व फौजी के घर लाखों की चोरी, : खिड़की की एंगल काटकर घुसे चोर
Abid Hussain
Thu, Sep 17, 2026
सैलानीगोठ में वारदात से मचा हड़कंप, जेवरात के साथ एक लाख रुपये नकद ले जाने का दावा
टनकपुर। ग्राम पंचायत सैलानीगोठ में आर्मी कैंट के समीप शहीद द्वार के ठीक बगल रहने वाले पूर्व फौजी के घर अज्ञात चोरों ने देर रात धावा बोल दिया। चोर खिड़की की एंगल काटकर घर के अंदर दाखिल हुए और दो कमरों में रखी अलमारियों के लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व करीब एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पूर्व फौजी सूबेदार बसंत राम अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की खिड़की की एंगल काटी और अंदर प्रवेश कर दो कमरों को खंगाल डाला। अलमारियों के लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी लेकर चोर फरार हो गए।
पीड़ित बसंत राम के मुताबिक घटना रात करीब 12 बजे के बाद की बताई जा रही है। उनका कहना है कि चोर जंगल की ओर से होते हुए रेलवे पटरी के रास्ते उनके आवास तक पहुंचे और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घर से भारी मात्रा में जेवरात और करीब एक लाख रुपये की नकदी चोरी हुई है। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल चेतन रावत, उपनिरीक्षक तेज कुमार, मोहम्मद अकरम, विनोद यादव, कांस्टेबल कमल सिंह, मनीष यादव समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और चोरी के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
शहीद द्वार और आर्मी कैंट जैसे संवेदनशील क्षेत्र के समीप हुई चोरी की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़