CM धामी के जन्मदिन पर टनकपुर में सेवा का महाअभियान, शिविर में जनता की : समस्याओं का हुआ समाधान!
Abid Hussain
Wed, Sep 16, 2026
टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर नगर पालिका परिषद टनकपुर परिसर में एक दिवसीय नागरिक समस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने किया। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के द्वारा अतिथियों को शाॅल उड़ाकर स्वागत किया गया।
इस दौरान एमडीएम विद्यालय के बच्चों ने समूहगान प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुuभकामनाएं दीं। नगर के वरिष्ठ नागरिक शंकर सिंह प्रजापति ने भजन के माध्यम से मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने शिविर की रूपरेखा से लोगों को अवगत कराया तथा नगर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया और उनकी दीर्घायु की कामना की।
■■ एक ही छत के नीचे मिलीं कई विभागों की सेवाएं
नगर पालिका द्वारा आयोजित शिविर में परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु, गृहकर नामांतरण, केंद्र पोषित योजनाओं सहित नगर पालिका से संबंधित विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया गया। महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
चिकित्सालय टनकपुर के चिकित्सकों ने निःशुल्क नागरिक स्वास्थ्य शिविर लगाया, जबकि खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से जनजागरूकता स्टॉल लगाया गया। वार्ड संख्या 01, 03 और 09 के आंगनबाड़ी केंद्रों के नन्हे-मुन्ने बच्चों को शिक्षा एवं बौद्धिक विकास के लिए खेल सामग्री वितरित की गई।
नगर पालिका में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को स्वास्थ्य किट प्रदान की गई। नशा मुक्ति अभियान के तहत युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सामग्री का वितरण किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरण देवी, मुन्नी देवी सहित नगर पालिका के सभासद, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़